अंडा। मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अंडा में कांग्रेस पार्टी द्वारा जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को मनरेगा योजना के अधिकार, रोजगार की अनिवार्यता और भाजपा सरकार द्वारा योजना को कमजोर किए जाने के संभावित दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पूर्व केबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर, कार्यक्रम प्रभारी राजेंद्र साहू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने केंद्र की भाजपा सरकार पर मनरेगा योजना को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार न केवल मनरेगा का नाम बदलने की कोशिश कर रही है, बल्कि इसे धीरे-धीरे समाप्त करने की दिशा में भी कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मनरेगा वर्ष 2005 में यूपीए सरकार द्वारा लागू किया गया एक अधिकार आधारित कानून है, जो प्रत्येक ग्रामीण परिवार को वर्ष में कम से कम 100 दिनों का मजदूरी रोजगार देने की गारंटी देता है।
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार को गरीबों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों के कर्ज माफ करती है, लेकिन गरीबों के कल्याण के लिए मनरेगा योजना के लिए पर्याप्त बजट देने की मंशा नहीं रखती। उन्होंने कहा कि यदि राज्यों को केंद्र के आवंटन से अधिक खर्च करने के लिए मजबूर किया जाता है तो यह अन्याय है और केंद्र सरकार को मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करना चाहिए।
कार्यक्रम प्रभारी राजेंद्र साहू ने कहा कि भाजपा सरकार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को समाप्त करने पर आमादा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी और आम जनता मिलकर इस योजना को समाप्त नहीं होने देंगी।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुकेश चंद्राकर ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को उद्योगपतियों की सरकार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों और मजदूरों के हाथ से रोजगार छीनकर बड़े पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा को कमजोर करना ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों पर सीधा हमला है और भाजपा सरकार लोगों को गुमराह कर रही है।
ब्लॉक अध्यक्ष दुर्ग ग्रामीण देवेंद्र देशमुख ने कहा कि वास्तविकता यह है कि पूरी योजना को धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है। नए प्रावधानों में रोजगार की कोई स्पष्ट गारंटी नहीं है, काम केवल वहीं मिलेगा जहां केंद्र तय करेगा और उतना ही जितना बजट आवंटित होगा।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष जनपद पंचायत दुर्ग राकेश हिरवानी, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुकेश चंद्राकर, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, पूर्व सभापति योगिता चंद्राकर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर, पूर्व सभापति टिकेश्वरी देशमुख, सरपंच अंडा दिग्विजय सिन्हा सहित प्रशांत पांडे, गीता महानंद, तीरथ चंद्राकर, बैकुंठ महानंद, प्रवीण चंद्राकर, यशवंत चंद्राकर, तेजराम चौहान, जितेंद्र साहू, रोशन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।